By रमेश गुप्ता
भिलाई। आजाद जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों सहित कई दिग्गज कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। सदस्यों ने दुर्ग जिला सहित बेमेतरा के कई सीटों को कांग्रेस के पक्ष में प्रभावित करने का दावा किया है। साथ ही कहा कि कांग्रेस में शामिल सदस्य जमकर मेहनत करेंगे तथा प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।
आजाद जनता पार्टी के अध्यक्ष राजेश तिवारी अधिवक्ता एवं मुख्य समन्वयक शकील अहमद सिद्दीकी अधिवक्ता ने बीते दिनों प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेश बघेल से उनके निवास पर मुलाकात की। उसके बाद पार्टी के कई सदस्यों का कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा शुरू हुई।
आजाद जनता पार्टी के राजेश तिवारी, शकील अहमद सिद्दीकी समेत गुरूदर्शन सिंह लांबा, लोकेश मिश्रा, मनोज सोनी समेत सैकड़ों सदस्यों ने दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी महामंत्री सुजीत बघेल, दुर्ग जिला शहर कांग्रेस के महामंत्री ओम प्रकाश जोशी की मौजदूगी में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री गिरीश देवांगन, मीडिया प्रभारी शैलेष नितिन त्रिवेदी के समक्ष प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय राजीव भवन में कांग्रेस की विधिवत सदस्यता ली।
आजपा के प्रवक्ता डोमन साहू ने इस खबर को गलत बताया है कि आजाद जनता पार्टी का कांग्रेस में विलय हो गया है। उन्होंने कहा कि आजाद जनता पार्टी का अपना अस्तित्व है, तथा वह लगातार अपनी सक्रियता बनाए रखेगी।